PM मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर SPG की टीम कल करेगी रिहर्सल,एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे की होगी निगरानी।
Wednesday, 5 July 2023
Comment
वाराणसी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे को लेकर एसपीजी के अफसरों ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। एसपीजी अफसरों ने एयरपोर्ट से लेकर बरेका, वाजिदपुर कार्यक्रम स्थल और गेस्ट हाउस को अपने कब्जे में ले लिया है।
इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर समेत कालभैरव मंदिर में होमवर्क कर टीम के सदस्य तैनात कर दिए गए हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर एएसएल (एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग) की बैठक में पीएम सुरक्षा से जुडे निर्देश दिए गए।
एसपीजी ने बुधवार को एयरपोर्ट, वाजिदपुर कार्यक्रम स्थल, बरेका गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा रेलवे के आला अधिकारियों की मौजूदगी में बरेका में निरीक्षण किया। पीएम के एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल, बरेका गेस्ट हाउस समेत रूट और निर्धारित स्थलों का जायजा लिया।
एसपीजी टीम ने वाजिदपुर सभास्थल, नरिया में कार्यक्रम स्थल, बरेका गेस्ट हाउस के अलावा विश्वनाथ धाम में भी सुरक्षा इंतजाम की तैयारियां परखी। अब इन सभी रूट पर गुरुवार को एसपीजी पीएम की फ्लीट का रिहर्सल करेगी।
सड़कों पर बैरिकेडिंग, ड्यूटी चार्ट तैयार
सात और आठ जुलाई के पीएम आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं। एयरपोर्ट से शहर तक पीएम के संभावित रुटों का नक्शा और प्वाइंट तैयार कर बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है। एसपीजी बुधवार को भी एयरपोर्ट, वाजिदपुर कार्यक्रम स्थल, बरेका गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था देखेगी। गुरुवार को पीएम की फ्लीट का रिहर्सल होगा।
वाजिदपुर स्थित स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक और सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। लोक निर्माण विभाग से तैयारियां पूछीं। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के मद्देनजर निर्देशित किया। कार्यक्रम स्थल पर वीवीआईपी के अलावा अन्य कोई भी बाहरी नहीं आना चाहिए।
कार्यक्रम स्थल को तैयार करने में जुटी एजेंसी के कर्मचारी और मजदूरों को परिचय पत्र के साथ काम करने को कहा। नरिया स्थित रामनाथ चौधरी शोध संस्थान और बरेका गेस्ट हाउस पहुंचकर अधिकारियों के साथ मंथन किया।
विजिटर पास प्रतिबंधित, एसपीजी ने बढ़ाई निगरानी
पीएम के आगमन के दौरान सुरक्षा की कमान एसपीजी एडीजी के पास होगी। जबकि एयरपोर्ट, कार्यक्रम व प्रवास स्थल, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और फ्लीट के लिए एसपीजी के एआईजी रैंक के एक-एक अधिकारी टीम के साथ रहेंगे। पीएम के विश्वनाथ धाम में संभावित दर्शन पूजन को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। पीएम की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट पर पांच से आठ जुलाई तक विजिटर पास पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा सभी यात्रियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एप्रन और टर्मिनल भवन को एसपीजी ने अपनी निगरानी में ले लिया है। एडीजी जोन रामकुमार, एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर एस. चन्नप्पा, डीसीपी ट्रैफिक प्रबल प्रताप सिंह, डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर, पिंडरा एसडीएम अंशिका दीक्षित, एयरपोर्ट की निदेशक अर्यमा सन्याल, सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट अजय कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी थे।
एयरपोर्ट पहुंचेंगे सेना के हेलीकाप्टर, कल हेलीपैड पर उतरेंगे
वाराणसी में सात और आठ जुलाई में दो दिवसीय प्रवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां जोरो पर हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां, सरकार महकमे, जनप्रतिनिधि और प्रदेश से लेकर जिला संगठन पूरे जोश में जुटा है।
वहीं सेना के तीन हेलीकॉप्टर बुधवार को एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पीएम सड़क मार्ग से ही कार्यक्रम स्थल व बरेका जाएंगे। विकल्प के तौर पर हेलीकाप्टर भी रहेंगे। बरेका में रात्रि प्रवास के बाद पीएम वहां से हेलीकॉप्टर से सीधे एयरपोर्ट आ सकते हैं।
0 Response to "PM मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर SPG की टीम कल करेगी रिहर्सल,एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे की होगी निगरानी।"
Post a Comment